फर्जी निवास प्रमाण पत्र गिरोह का पर्दाफाश, नौकरी दिलाने के नाम की ठगी

बलरामपुर. जिला पुलिस ने फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर सीआरपीएफ समेत अन्य केंद्रीय सेवाओं में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहे थे और इसके एवज में प्रति प्रमाण पत्र 3 से 4 लाख रुपये तक वसूलते थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी संगठित तरीके से छत्तीसगढ़ राज्य के फर्जी निवास प्रमाण पत्र तैयार करते थे। इसके लिए वे ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का दुरुपयोग कर फर्जी सिटीजन आईडी बनाते थे। आरोपियों द्वारा अन्य व्यक्तियों के असली दस्तावेज डाउनलोड कर उनका संपादन किया जाता था और फिर उसके आधार पर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा शैक्षणिक दस्तावेज तैयार किए जाते थे।

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हडक़ंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पोर्टलों का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी नौकरी या दस्तावेज संबंधी कार्य के लिए अवैध माध्यमों का सहारा न लें और ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!