वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बायलर विस्फोट मामले में कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
रायपुर. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बायलर विस्फोट मामले में कंपनी के बड़े अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इस हादसे में अब तक 20 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 अन्य घायल श्रमिकों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है. पुलिस ने मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुए कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह दर्दनाक हादसा 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजकर 33 मिनट पर सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित पावर प्लांट में हुआ. पुलिस ने इस मामले में अनिल अग्रवाल, कंपनी प्रबंधक देवेंद्र पटेल समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है.
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वेदांता कंपनी और एनजीएसएल द्वारा मशीनरी और उपकरणों के रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरती गई. सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया, जिसके चलते बायलर के दबाव में असामान्य उतार-चढ़ाव हुआ और अंततः विस्फोट हो गया. उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर अधिकारियों की लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई है.


