हथियार की नोंक पर हाइवे में वाहनों से डीजल लूटने वाले गैंग पकड़ाया
बिलासपुर. हथियार की नोंक पर नेशनल हाइवे में खड़े वाहनों के डीजल लूटपाट करने वाले राज्य स्तरीय गैंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से स्कॉर्पियो, रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, चाकू, नगद 2600 रुपए, 74 लीटर डीजल जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 18 मई को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से आरोपियों द्वारा डीजल चोरी किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने पीडि़त के साथ मारपीट की गई।
24 मई को कोनी थाना क्षेत्रांतर्गत आरोपियों द्वारा ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएल 8136 के डीजल टंकी को तोडक़र 100 लीटर डीजल 9 हजार 500 रुपए को ड्रम में भरकर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में लूट कर फरार हो गए थे।
28 मार्च को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से अज्ञात आरोपियों द्वारा लगभग 270 लीटर डीजल कीमती 25 हजार रुपए चोरी कर लिया गया था, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों में एसीसीयू व थाना सिरगिट्टी स्टाफ को सम्मिलित कर विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज व पूर्व में घटित इसी प्रकार की घटनाओं का गहन विश्लेषण किया गया। अलग-अलग स्थानों पर लगातार रेड कार्रवाई की गई। जांच के दौरान आरोपी संजय कुमार कुर्रे (30) निवासी ग्राम बगड़बरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा, मणीशंकर कुर्रे (24) निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा, अमित भारद्वाज (29) निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है।


