हवा भरने के दौरान जेसीबी का टायर फटा, हेल्पर की मौत, 3 घायल

चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी में हादसा
बिलासपुर।चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी की पंचर बनाने वाले की दुकान में शुक्रवार की दोपहर बारह बजे हादसा हो गया। यहांं जेसीबी का टायर फटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। धमाका इतना तेज था कि टायर फटने के बाद लोहे का डिस्क निकलकर 30-40 फीट दूर जा गिरा। दरअसल, हादसा पंचर टायर को ठीक करने के बाद हवा भरते समय हुआ। जब हवा भरी जा रही थी तो टायर पर 4 लोग बैठे हुए थे, एक शख्स पास में खड़ा था और एक आदमी दुकान में चेयर पर बैठा था। सभी आपस बातचीत कर रहे थे, और टायर में हवा भरा रहा था। तभी अचानक टायर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। उस पर बैठे लोग करीब 10 से 15 फीट हवा में उछल गए। इसी दौरान दुकान के हेल्पर के सिर में चोट लगने और जबड़ा उखडऩे से मौत हो गई जबकि ऑपरेटर, मैकेनिक समेत 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों में भूपेंद्र राव, जेसीबी ड्राइवर, ओसामा, पंचर मैकेनिक और अमृत यादव बताए जा रहे हैं।

