बैगा अंचल पहुंचे प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी

पीएम जनमन सड़क की ड्रिलिंग कर जांच, आश्रम की बदहाली पर भड़के प्रमुख सचिव

बैगा परिवारों से सीधे संवाद कर लिया योजनाओं का फीडबैक, 30 मई तक सर्वे पूर्ण करने के निर्देश

“पीवीटीजी परिवारों तक हर योजना पहुंचे” — कोटा दौरे में प्रमुख सचिव वोरा ने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर. आदिम जाति कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि वोरा ने बुधवार को कोटा विकासखंड के बैगा बहुल ग्राम शिवतराई और नेवसा का दौरा कर केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जनजातीय गौरव उत्सव, पीएम जनमन, धरती आबा अभियान, पीवीटीजी डिजिटल सर्वे तथा सुशासन तिहार के क्रियान्वयन की मैदानी समीक्षा की।
प्रमुख सचिव ने अचानकमार क्षेत्र के नेवसा के दूरस्थ बैगापारा तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिवतराई में स्वयं सर्वे सेतु ऐप के माध्यम से तिहारू बैगा के परिवार का डिजिटल सर्वे कर जानकारी दर्ज की। उन्होंने परिवार की आजीविका, आवास, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की पहुंच के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
नेवसा गांव में पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित सड़क की गुणवत्ता जांच के लिए प्रमुख सचिव ने तकनीकी टीम के साथ सड़क की ड्रिलिंग कराई। सड़क की मोटाई और निर्माण सामग्री के नमूने लिए गए।शिवतराई-अचानकमार मुख्य मार्ग से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर दूर बैगा पारा तक बनी इस सड़क से आदिवासी ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में अब उन्हें पहले जैसी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। दौरे के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट भी गांव पहुंची थी। प्रमुख सचिव ने बैगा समुदाय के लोगों से वाहन की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने इसे काफी लाभकारी बताया। इस पर उन्होंने मेडिकल यूनिट को नियमित रूप से गांवों में भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपचार कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली।
आश्रम की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
प्रमुख सचिव श्री वोरा ने नेवसा स्थित आदिवासी बालक आश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रम परिसर, शौचालय और रखरखाव की स्थिति बेहद खराब मिली, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक आयुक्त को हॉस्टल वार्डन रवि पाठक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नया शिक्षा सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में सभी आश्रम एवं छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और आवश्यक मरम्मत कार्य समय रहते पूर्ण कर लिए जाएं ताकि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
जनपद पंचायत में समीक्षा बैठक, 30 मई तक सर्वे पूरा करने के निर्देश
प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा ने जनपद पंचायत कोटा सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीवीटीजी डिजिटल सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए 30 मई तक शत-प्रतिशत सर्वे पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष सर्वे कार्य पंचायत सचिव एवं अधीक्षकों द्वारा तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री पीवीटीजी समुदायों के विकास को लेकर अत्यंत संवेदनशील हैं। पीएम जनमन, धरती आबा और अन्य योजनाओं के माध्यम से विशेष जनजातीय परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रमुख सचिव ने पीवीटीजी परिवारों के लिए कौशल विकास एवं स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। बैठक में सहायक आयुक्त संजय चंदेल, एसडीएम प्रवेश पैकरा, जनपद सीईओ युवराज सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!