प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल को मिला भारती मंडन दर्शन रत्न सम्मान
वर्धा. भारतीय कला, संस्कृति तथा दर्शन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए प्रसिद्ध दार्शनिक महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रो.रजनीश कुमार शुक्ल को प्रथम भारती मंडन दर्शन रत्न सम्मान 2021 बिहार सरकार में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. आलोक रंजन के कर कमलों से प्रदान किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पद्मश्री निरंजन गोस्वामी और कार्यक्रम के संयोजक तथा हिंदी विश्वविद्यालय के प्रदर्शनकारी कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश भारती उपस्थित थे। बटोही, सहरसा द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय (8 से 10 दिसंबर,2021) ‘वैदेही अंतरराष्ट्रीय महोत्सव’ में उक्त सम्मान दिया गया। इस मौके पर वैदेही कला संग्रहालय का लोकार्पण भी किया गया।प्रो.रजनीश कुमार शुक्ल ने भारती मंडन के नाम से प्राप्त सम्मान के लिए आयोजन समिति के प्रति धन्यवाद भाषण में आभार प्रकट किया। उन्होंने माता वैदेही की पावन मिथिलांचल की धरती पर संग्रहालय खोले जाने की प्रशंसा की और इसके लिये हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।