जिले में 50 ई-बस चलाने की है योजना

 

बिलासपुर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू करने से पहले शहरवासी और यात्रियों के साथ चर्चा की जाएगी और कहां-कहां रूट से बस चलाई जाएगी। चर्चा के बाद ही रूट तैयार की जाएगी। उसके अनुसार ही ई-बसों का संचालन किया जाएगा।
बिलासपुर जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी ने नागरिकों, छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और अलग-अलग संस्थानों से सुझाव मांगे हैं। सोसाइटी का उद्देश्य है कि बसें उन्हीं मार्गों पर चलाई जाएं, जहां सबसे अधिक लोगों का आवागमन होता है। इसके लिए विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों, औद्योगिक क्षेत्रों, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी-निजी कार्यालयों से जुड़े लोगों से सुझाव मांगे गए हैं। आसपास के गांवों और कस्बों से रोज शहर आने वाले छात्र और कर्मचारियों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त सुझावों का अध्ययन करने के बाद अंतिम रूट तय किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग बस सेवा का लाभ उठा सकें और निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिलासपुर को 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति मिली है। इनके संचालन के लिए कोनी में ई-बस डिपो बनाया जा रहा है। पहले चरण में 35 और बाद में 15 बसें शुरू की जाएंगी। डिपो में चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप, सब-स्टेशन और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उम्मीद है कि दिसंबर तक पहले चरण की बसें शहर में पहुंच जाएंगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *