सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान – अमर अग्रवाल
बिलासपुर। पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ सुशासन तिहार प्रदेश में सुशासन और जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अमर अग्रवाल ताला पारा, बिलासपुर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
इसके पश्चात वे शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मस्तूरी, जिला बिलासपुर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी मांगों एवं समस्याओं को सुना तथा अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है।
संध्याकालीन सत्र में आयोजित “अपनों से मुलाकात” कार्यक्रम में भी अमर अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


