भारत 2047 के विजन को गति देने केन्द्रीय राज्य मंत्री ने एनसीआरटीसी के साथ की व्यापक समीक्षा बैठक
बिलासपुर। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) के साथ क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली (आरआरटीएस) परियोजनाओं की प्रगति एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की भावी परिवहन कार्ययोजना को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि क्षेत्रीय रेल परिवहन प्रणाली संतुलित शहरी विकास, यातायात दबाव में कमी, क्षेत्रीय एकीकरण तथा सतत आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में आरआरटीएस जैसी आधुनिक परिवहन प्रणालियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जो नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता, उत्पादकता एवं कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल शहरीकरण को भी प्रोत्साहित करेंगी। बैठक के दौरान विभिन्न आरआरटीएस कॉरिडोरों की प्रगति, नमो भारत पहल के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों, नवाचार आधारित कार्यप्रणालियों, सतत एवं हरित परिवहन उपायों तथा ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के माध्यम से निर्बाध मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।


