कोपरा जलाशय के पास ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
इलाज के लिए बिल्हा अस्पताल जा रहे थे सास-दामाद, सकरी पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उपचार के लिए अस्पताल ले जाई जा रही महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 4 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 बजे सकरी-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोपरा जलाशय के समीप 10 चक्का ट्रक क्रमांक HR 55 W 3885 के चालक जागेश्वर टेकाम ने बाइक क्रमांक CG 10 EC 6950 को टक्कर मार दी।
हादसे के समय बाइक चालक परमेश्वर यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम कुसमैली, बेलपान, थाना तखतपुर, अपनी सास पुनौतीन यादव (53 वर्ष), निवासी लोहरकापा बरेला, को इलाज के लिए बिल्हा अस्पताल लेकर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।


