एजुकेशन हब की सड़क पर युवतियों ने उड़ाईं ट्रैफिक नियमों की धज्जियां
बिलासपुर। शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस के लगातार अभियान के बावजूद स्टंटबाजी और रील बनाने का खतरनाक ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कोनी-सेंदरी रोड पर एक क्रेटा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों द्वारा चलती गाड़ी में रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि सीजी 25 बीएच 7377 ई नंबर की कार में सवार युवतियां बीच सड़क पर सनरूफ से बाहर निकलकर मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। यह घटना शहर के एजुकेशन हब माने जाने वाले कोनी-सेंदरी मार्ग की है, जहां गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और कृषि विश्वविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं। दिनभर इस मार्ग पर भारी यातायात रहता है। ऐसे में चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना न केवल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता देने जैसा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने संबंधित वाहन चालक और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिस रीलबाजी और स्टंटबाजी के खिलाफ अभियान तो चला रही है, लेकिन इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि नियमों का उल्लंघन अब भी बेखौफ होकर किया जा रहा है। नागरिकों ने दोषियों पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।


