April 16, 2026
सरदार सिंह सूरी की विरासत को प्रेम चोपड़ा का नमन
सरदार सिंह सूरी को प्रेम चोपड़ा का खास सलाम
सरदार सिंह सूरी को प्रेम चोपड़ा की श्रद्धांजलि
मुंबई /अनिल बेदाग : चार बंगला गुरुद्वारा साहिब के संस्थापक सरदार सिंह सूरी की 7वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु भजन-कीर्तन, अरदास और विशाल लंगर में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कार्यक्रम की विशेषता तब और बढ़ गई, जब वरिष्ठ अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने सरदार सिंह सूरी को याद करते हुए अपने दिल की भावनाएं साझा कीं।
प्रेम चोपड़ा ने भावुक होते हुए कहा कि सरदार सिंह सूरी सिर्फ एक नेक इंसान नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक थे, जिन्होंने कई जिंदगियों को दिशा दी। उन्होंने यह भी याद किया कि अपने करियर की पहली फिल्म में उन्हें सूरी के साथ हीरो के रूप में काम करने का अवसर मिला, जो उनके लिए आज भी अविस्मरणीय है।
सिनेमा और समाजसेवा—दोनों क्षेत्रों में सरदार सिंह सूरी का योगदान उल्लेखनीय रहा। उनकी फिल्म “ऐ धरती पंजाब दी” ने उस दौर में बड़ी सफलता हासिल की और 9 पुरस्कार जीते, जिन्हें उस समय के प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा प्रदान किया गया। फिल्म में मोहम्मद रफ़ी और महेंद्र कपूर की आवाज़ ने इसे खास बना दिया। यह पुण्यतिथि समारोह न केवल उनकी स्मृतियों को जीवित रखने का माध्यम बना, बल्कि सेवा, विनम्रता और समर्पण की उनकी विरासत को भी फिर से उजागर कर गया।


