कोयला में पत्थर व गिट्टी के टुकड़े मिलाकर भेज दिया डिपो
बिलासपुर. गुणवत्ता युक्त कोयला में पत्थर व गिट्टी के टुकड़े मिलाकर कोल डिपो ले आया। वहां लैब में जांच करने पर गड़बड़ी सामने आई है, इससे कंपनी को 25 लाख रुपए की आर्थिक क्षति पहुंची है। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सकरी पुलिस ने बताया कि आरके पाण्डेय भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्रा.लि. लोखंडी बिलासपुर में (कारखाना प्रबंधक) के पद पर कार्यरत है। 9 जून को वह दीपका कोल माइन्स से एफजी ग्रेड का कोयला भाटिया एनर्जी एण्ड कोल बेनिफिकेशन प्रा.लि. लोखंडी के लिए मंगवाया। 10 जून की सुबह 6 बजे क्रमांक सीजी10 बीक्यू 8285 का चालक उज्जैन अंसारी, सीजी 12 बीएल 6247 का चालक आशिक हुसैन, सीजी 12 बीएल 6251 का चालक फजल अंसारी कोयला लेकर भाटिया एनर्जी एण्ड कोल बेनिफिकेशन प्रा.लि. लोखण्डी लेकर आए। लैब से चेक करने पर एफजी ग्रेड का कोयला नहीं होना पाया गया। ट्रेलर चालकों से पूछताछ करने पर एफजी ग्रेड के कोयला को बालाजी कोल ट्रेडिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन के संचालक व प्लांट के सुपरवाईजर के मिली भगत से कोयला को चोरी कर कोयला में मिलावट कर लेकर आना बताए। ट्रक संचालक रज्जाक अंसारी बालाजी कोल ट्रेडिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन गतौरी रतनपुर के संचालक दिलीप कुमार सुपरवाईजर गौरव सिंह व अमित सिंह ट्रेलर के चालकों के द्वारा कोयला का अफरा-तफरी किया गया है। इस घटना से कंपनी को लगभग 25 लाख रूपये से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है।


