भाजपा सरकार में युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़, भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ी – कांग्रेस

 

रायपुर. छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के सपने भर्ती परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों के कारण टूट रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार की लापरवाही और संरक्षण के कारण भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में आ रही है।


प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में तीन पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। यह तो केवल वे मामले हैं जिनका खुलासा हुआ है। सवाल यह है कि अगर एक ही संस्थान में तीन परीक्षाओं के पेपर लीक हो सकते हैं, तो प्रदेश में आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता की गारंटी सरकार कैसे दे सकती है?


प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद आरक्षक भर्ती, वनरक्षक भर्ती, आरआई प्रमोशन, पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती और पीएससी की एएसआई भर्ती सहित विभिन्न परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों एवं विवादों के आरोप सामने आए हैं। इससे प्रदेश के युवाओं के मन में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को लेकर अविश्वास पैदा हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए। जिन मामलों में पेपर लीक या अन्य अनियमितता के आरोप हैं, उनमें दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *