मोदी के 25 वर्ष पर एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में होगा कार्यक्रम

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता की सेवा करने पर 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक माह के भीतर 12 विषयों पर अलग-अलग आयोजन होगा।

बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक ने बताया कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी संवैधानिक प्रमुख के रूप में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण करेंगे। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आवास, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर काम किए गए हैं। 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩे व 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण,कोविड महामारी के दौरान 200 करोड़ से अधिक निशुल्क टीकाकरण और 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण जैसे कार्यों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

17 सितंबर को सेवा दिवस

भाजपा के अनुसार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर तक एक माह चलने वाले अभियान में बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक 12 सूत्रीय विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी अभियान में सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *