भालू ने महिला पर किया जानलेवा हमला

 

जीपीएल जिला के मरवाही थाना क्षेत्र की घटना

बिलासपुर। तडक़े सुबह पांच बजे महिला बाथरूम करने घर की बाड़ी की ओर गई। इसी दौरान भालू ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई है। परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

मरवाही थाना क्षेत्र के गुल्लीडांड निवासी रामवती (55) शुक्रवार की सुबह 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला को बचाव का मौका नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। भालू के हमले में रामवती के पेट, छाती और सिर पर गहरे जख्म आए हैं। हमले के बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया। तत्काल डायल-108 को दी गई। सूचना मिलते ही ईएमटी गणेश्वर प्रसाद और पायलट भूपत सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने शुरुआती इलाज देने के बाद घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!