संत गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलकर समरस, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करें : मुख्यमंत्री
बोदरी में संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में हुए शामिल
संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
लगभग 42 करोड़ रुपये की छह सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
सामुदायिक भवनों, खेल मैदान, स्कूल उन्नयन और तालाब सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
बिलासपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के बोदरी में कन्नौजे रजक समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पहुंचकर उन्होंने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए सेवा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित एवं प्रस्तावित छह सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क अधोसंरचना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने समारोह में समाज के पदाधिकारियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों तथा विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सम्मान से नई पीढ़ी को समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है तथा समाज को संगठित करने के ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि संत शिरोमणि गाडगे बाबा का जीवन त्याग, सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सुधार का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समाज से छुआछूत, अंधविश्वास और कुरीतियों को दूर करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। संत गाडगे बाबा का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन, संत गाडगे बाबा के स्वच्छता संबंधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के विकास और विभिन्न समाजों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये तथा संत गाडगे भवन निर्माण के लिए 25 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने सन्नडय कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 60 लाख रुपये तथा वर्मा समाज के सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने धमनी-चकरभाठा के मिडिल स्कूल का हाई स्कूल में उन्नयन करने, नगर पालिका परिषद बोदरी को एयरपोर्ट के समीप खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा बोदरी स्थित जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने संत गाडगे बाबा के जीवन, उनके सामाजिक सुधार आंदोलनों तथा स्वच्छता और मानव सेवा के प्रति उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संत गाडगे बाबा ने समाज को समानता, शिक्षा और स्वच्छता का संदेश देकर सामाजिक जागरण का कार्य किया। स्थानीय विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने भी समारोह को संबोधित करते हुए समाज की एकजुटता और सामाजिक उत्थान में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्नौजिया रजक समाज के संभागीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत निर्णेजक ने की। उन्होंने स्वागत भाषण देते हुए मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का अभिनंदन किया तथा समाज की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। समाज के राज्य अध्यक्ष विश्राम निर्मलकर ने भी समाज की प्रगति और संगठनात्मक गतिविधियों पर अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पद्मश्री रामलाल बरेठ, पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, दीपक सिंह, नगर पालिका परिषद बोदरी की अध्यक्ष श्रीमती नीलम विजय वर्मा, जनपद अध्यक्ष आरके कौशिक सहित बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


