May 17, 2024

हिमाचल में बादल फटा, 37 लोगों की मौत

शिमला समेत कई जगह भूस्खलन, सड़कें बंद

शिमला. हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर तांडव मचाया है। प्रदेश में आसमान से आफत बरस रही है। मूसलाधार वर्षा से आई बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में सोमवार को 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। राज्य के सभी प्रमुख मार्गों सहित संपर्क सड़कें जमीन धंसने, भूस्खलन, पेड़ गिरने और बाढ़ के कारण बंद हो गई हैं। इसके चलते लोग अपने घरों तक ही सीमित होकर रह गए हैं।

शिमला के ही फागली में हुए भूस्खलन की चपेट में कई घर आ गए। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए हैं, 7-8 लोगों के दबे होने की आशंका है। भूस्खलन के कारण यहां कई भवनों को खतरा पैदा हो गया है।

उधर, सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल की ममलीग उप-तहसील के जडौन गांव में बीती रात बादल फटने की घटना में 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हरनाम सिंह, उनकी पत्नी खेमलता, 13 वर्षीय बेटा राहुल, 11 वर्षीय बेटी नेहा, कमल किशोर, उनका 9 वर्षीय बेटा गौरव और 12 वर्षीय बेटी रक्षा शामिल है। बादल फटने की इस घटना में 5 लोग घायल हो गए। हरनाम और रतीराम नामक व्यक्ति का मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सड़कें बंद होने के कारण घटनास्थल तक राहत दलों को पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं।

सोलन जिला के अर्की तहसील की बलेरा पंचायत के चलोग गांव में एक मकान ढह जाने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की खोज जारी है। सोलन के ही राम शहर और बद्दी में भी मकान ढह जाने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है।

मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की कटौला तहसील की ग्राम पंचायत सेगली बंबोला के चलाहर गांव में एक मकान ढह जाने से 8 लोग दब गए। इनमें से 7 लोगों के शव बरामद कर लिये गए हैं। डीएसपी पधर संजीव सूद ने कहा कि एनडीआरएफ और कमांद पुलिस चौकी की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है। इसी क्षेत्र में पराशर को जाने वाली सड़क पर बना बागी नाला पुल बाढ़ में बह गया है। इससे पराशर क्षेत्र का सड़क संपर्क पूरी तरह से कट गया है। मंडी जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर मझवाड़ गांव में भी एक मकान के ढह जाने से परिवार के दो सदस्य मलबे में दब गए हैं। इनमे एक बुजुर्ग महिला और एक युवती शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post भरोसे का सम्मेलन जांजगीर में शामिल हुए जिले के कांग्रेस के नेता
Next post चांद के और नजदीक पहुंचा ‘चंद्रयान-3
error: Content is protected !!