सड़क विहीन गांव में वृद्धा की हत्या, खाट पर ढोया गया शव, खड़ी रही एंबुलेंस
पाली / कोरबा. प्रशासनिक दावों और ‘विकास’ के ढोल की पोल खोलती एक दर्दनाक और शर्मनाक तस्वीर कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र से सामने आई है। ग्राम हरडीह में शनिवार देर रात एक घर में घुसकर अज्ञात कातिल ने सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक वृद्धा की मौके पर ही दर्दनाक हत्या कर दी गई, जबकि उनके बेटे और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खूनी वारदात से भी ज्यादा प्रशासनिक नाकामी की बानगी तब देखने को मिली, जब गांव में पक्की सड़क न होने के कारण शव और जिंदगी-मौत से जूझ रहे घायलों को खटिया पर लादकर 1 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग तक पैदल ले जाना पड़ा।
घटना की मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे ग्राम हरडीह निवासी समारिन बाई धनवार (65 वर्ष) अपने बेटे हेतराम (45 वर्ष) और बहू प्रमिला (40 वर्ष) के साथ घर में सो रही थीं। तभी एक सिरफिरे आरोपी ने घर में घुसकर सो रहे तीनों लोगों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि वृद्धा समारिन बाई के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल हेतराम और प्रमिला चीखते-चिल्लाते रहे।


