चाकू की नोंक पर चार बदमाशों ने युवक का किया अपहरण
मांगी 50 हजार फिरौती, पुलिस ने पैसा के साथ परिजन संग मौके पर पहुंची, नाबालिग समेत एक गिरफ्तार
बिलासपुर। बाइक सवार चार बदमाश युवकों ने चाकू की नोंक पर युवक का अपहरण कर जंगल ले गया। वहां से आरोपियों ने युवक के घर वालों को फोन किया कि युवक गांजा के मामले में पुलिस थाने में है और केस खत्म करवाने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की। फिरौती की धमकी की जानकारी परिजन ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपियों को झांसे में रखा कि परिजन रुपए लेकर तय जगह पर पहुंच रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम परिजन के साथ 50 हजार रुपए लेकर मौके पर पहुंची और दौड़ाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि 24 जून को भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले अपने घर के आंगन में था। उसी समय रतनपुर निवासी इशांन सारथी, सोम रजक, निखिल रजक ऊर्फ एलियन व उनके साथी आए और कहा कि तुमसे कुछ काम है, बात करना है, थोडा बाहर आओ, तब घनश्याम पाटले घर से बाहर निकला, तो उन लोगों ने घनश्याम के गले में चाकू अडाकर जबरदस्ती बाइक में बैठा लिया। इसके बाद कोरबा भांवर जंगल ले गए। वहां पीडि़त के सामने पेपर में थोड़ा गांजा को फैलाकर फोटो खींचे। उसके बाद धमकी दी कि जैसे-जैसे हम लोग बोलेंगे वैसा-वैसा फोन से बोलना, फिर पीडि़त को उसके घर में फोन कराया और बोले कि मैं गांजा में पाली थाना में पकड़ा गया हूं। केस को रफादफा करने के लिए 50 हजार रुपए मांग कर रहे हैं। पीडि़त का मां उक्त बातें सुनकर 50 हजार रुपए देने के लिए तैयार हो गई। परिजन गुपचुप तरीके से रतनपुर पुलिस को सूचना दी और पुलिस के साथ 50 हजार रुपए लेकर मौके पर पहुंचे। वहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपी इशांत सारथी व निखिल रजक ऊर्फ एलियन को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
जगह बदलने से परिजन को शक हुआ
पीडि़त के घर वालों ने पूछा कि कहां पैसा लाना है। तब आरोपियों ने महामाया मंदिर रतनपुर बाईपास बादल महल के पास आने के लिए कहा। उसके कुछ देर बाद हेलीपेड रतनपुर के पास आने के लिये बोले। तब घरवालों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी। फिर परिजन के साथ पुलिस टीम पैसा देने पहुंची। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को पहचान लिए और भागने लगे।


