गणेश उत्सव को लेकर पुलिस ने समितियों को दिए सुरक्षा के निर्देश

चेतना भवन में 27 गणेश उत्सव समितियों की बैठक, पंडाल में सीसीटीवी और पर्याप्त वालेंटियर रखने पर जोर
बिलासपुर. आगामी गणेश उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल की मौजूदगी में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 27 गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष और आयोजक शामिल हुए। अधिकारियों ने मूर्ति आगमन से लेकर विसर्जन तक कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारा व सौहार्द कायम रखने के निर्देश दिए।
बैठक में आयोजकों को गणेश उत्सव के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) से आवश्यक अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंडाल सड़क पर नहीं लगाने कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो। पंडाल में विद्युत कनेक्शन सुरक्षित तरीके से करने तथा किसी भी तरह की जनहानि की स्थिति से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
पुलिस ने प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए। पंडाल में केवल धार्मिक गीत और भजन बजाने तथा फूहड़ गाने नहीं बजाने की हिदायत दी गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि गणेश पंडाल ऐसे स्थान पर बनाए जाएं, जहां आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस आसानी से पहुंच सकें। हथियार लेकर आने वाले और नशे की हालत में रहने वाले व्यक्तियों को पंडाल में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने सभी समितियों को 24 सितंबर 2026 तक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने के निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान समितियां आपस में समन्वय स्थापित कर निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा विसर्जित करेंगी। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक गणेश पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नपुअ सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, प्रशिक्षु उपुअ आकाश चौधरी सहित सिरगिट्टी, सिविल लाइन, तारबाहर, तोरवा और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मौजूद रहे।

