शादी का कार्ड समझकर खोली एपीके, खाते से 1.40 लाख पार
रिटायर्ड अकाउंटेंट हुआ साइबर ठगी का शिकार
बिलासपुर। साइबर ठग अब शादी के निमंत्रण कार्ड का सहारा लेकर लोगों के मोबाइल में सेंध लगा रहे हैं। बिलासपुर के कपिल नगर निवासी शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अकाउंटेंट जनार्दन प्रसाद (64) को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया गया।
जनार्दन प्रसाद के मोबाइल पर 3 सितंबर को अनजान नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया। इसमें शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया था। कार्ड एपीके फाइल के रूप में था। पीडि़त ने इसे किसी परिचित की ओर से भेजा गया निमंत्रण समझकर फाइल खोल दी। एपीके फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल अचानक हैंग होने लगा। शुरुआत में जनार्दन प्रसाद इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझते रहे। बाद में मोबाइल की जांच कराने पर पता चला कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल तक पहुंच बना ली थी। इसी दौरान बैंक खाते से रकम निकाल ली गई। खाते से करीब 1.40 लाख रुपए निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीडि़त ने पुलिस से शिकायत की। सरकंडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और लेन-देन से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है।


