प्रचंड गर्मी से बचने पॉकेट में प्याज ले जाओ कुछ नहीं होगा
नई दिल्ली: दिल्ली से लेकर चेन्नई तक पूरा भारत इस समय भीषण गर्मी से झुलस रहा है. तापमान हाफ सेंचुरी मारने को तैयार है. ये आलम तब है जब अप्रैल भी नहीं बीता है और मई-जून का पूरा महीना बाकी है. दिन में लू के थपेड़े तो गर्म रातों ने जीना मुहाल कर दिया है. इस बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस प्रचंड गर्मी से बचने का गजब नुस्खा निकाला है. सिंधिया ने एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर डाला है जहां उन्होंने भीषण गर्मी से बचने का ऐसा आसान तरीका खोज निकाला है जिसे देख आप भी हैरान हो सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं केंद्रीय मंत्री के पास इस उबाल से बचने का कौन सा खास फॉर्मुला है.
सिंधिया ने बताया- भीषण गर्मी से बचाएगी ये चीज
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर 1 मिनट 23 सेकेंड का वीडियो डाला है. वीडियो में संचार मंत्री ने बताया कि अगर आप अपनी जेब में एक प्याज रखकर बाहर निकलेंगे तो आप इस प्रचंड गर्मी का सामना आसानी से कर लेंगे. सिंधिया ने अपनी बात को सही साबित करने के लिए खुद की जेब से एक प्याज निकालकर वहां मौजूद लोगों को दिखाया. मध्य प्रदेश के शिवपुरी में लाखों-करोड़ों की योजनाओं की सौगात के बीच सिंधिया का गर्मी से बचने का ये फॉर्मूला लोगों को काफी पसंद आया.


