करेले के बीच फन फैलाकर निकला जहरीला सांप, युवक को डसा

नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में मची अफरा-तफरी

बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेला खरीद रहे एक युवक को सांप ने डस लिया। करेले के बीच से अचानक फन फैलाकर निकले सांप को देखकर बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना के बाद लोगों ने तत्काल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार बहतराई निवासी बिहारी साहू, पिता हीरा साहू, शनिवार शाम किसी काम से मुंगेली नाका क्षेत्र में आया था। इसके बाद वह गणेश चौक स्थित साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचा। वह एक सब्जी दुकान पर करेला खरीदने के लिए उसे छांट रहा था। इसी दौरान करेले के बीच छिपा एक जहरीला सांप अचानक बाहर निकल आया और फन फैलाकर फुफकारने लगा। युवक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक सांप ने उसके बाएं हाथ की उंगली में डस लिया। सांप के डसने की खबर फैलते ही बाजार में हडक़ंप मच गया। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिहारी साहू को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के बाद युवक की हालत में सुधार हुआ और वह स्वस्थ होकर घर लौट गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *