घर से गायब बुजुर्ग का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
चकरभाठा थाना क्षेत्र का मामला
बिलासपुर। घर से गायब बुजुर्ग का शव मिला है। जिससे आसपास हडक़ंप मच गया। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन ने संदिग्ध मानकर उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। पुलिस शव को जब्त कर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
चकरभाठा पुलिस ने बताया कि जगतार सिंह (65) पिछले कुछ समय से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट एक दिन पहले ही चकरभाठा थाने में दर्ज कराई थी। सोमवार को जगतार सिंह का शव सडक़ पर औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस टीम जांच करने घटना स्थल पहुंची। मृतक की स्कूटी कुछ दूर खड़ी थी। बगल में जूते और पेंट भी पड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


