सुपर स्पेशलिटी अस्पताल कोनी में निःशुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर 3 अप्रैल से

 

बिलासपुर. कुमार साहब स्व. श्री दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कोनी में स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के तत्वावधान में स्पाइन रोगों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों के लिए विशेष निःशुल्क उपचार एवं स्पाइन सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 03, 04 एवं 05 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा।
शिविर में स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के विश्वप्रसिद्ध स्पाइन सर्जन डॉ. शेखर भोजराज के मार्गदर्शन में चयनित मरीजों की निःशुल्क शल्यक्रिया की जाएगी। उपचार एवं शल्यक्रिया कार्य में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर के अस्थि रोग (ऑर्थाेपेडिक) विभाग की सक्रिय भागीदारी रहेगी। सिम्स बिलासपुर के अस्थिरोग विभाग में प्रति बुधवार एवं शनिवार को सवेरे 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्पाइन क्लिनिक का संचालन किया जाएगा।, जहां मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच एवं आवश्यक मार्गदर्शन किया जाएगा। जांच उपरांत निचले अंगों में फैलने वाला कमर दर्द, मल एवं मूत्र पर नियंत्रण न रहना, झुनझुनी व सुन्नता, पैरों में कमजोरी, गर्दन का दर्द, रीढ़ की असामान्य वक्रता (स्कोलियोसिस/काइफो-स्कोलियोसिस) सहित अन्य लक्षणों से पीड़ित मरीजों को स्पाइन सर्जरी हेतु रिफर किया जाएगा।
इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु नोडल अधिकारी डॉ. रवि महोबिया, अस्थि रोग विशेषज्ञ को अधिकृत किया गया है, जिनसे संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह स्पाइन सर्जरी शिविर सामाजिक सरोकार एवं जनहितकारी उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण अंचलों के स्पाइन रोग से पीड़ित मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!