नेशनल हाईवे में ट्रेलर ने पति-पत्नी को कुचला, पत्नी की मौत
पति की हालत गंभीर है,उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया
बिलासपुर। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पति-पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक के पीछे बैठी पत्नी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, पति गंभीर रुप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि ग्राम सलखा (बेलतरा) निवासी रामायण कश्यप (55) गुरुवार को अपनी पत्नी गीता कश्यप को लेकर बाइक चलाते हुए बेलतरा जा रहे थे। दोनों सर्विस रोड से नेशनल हाईवे 130 पर पहुंचे थे। उसी समय पीछे से बिलासपुर की ओर से कोरबा जा रही ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी।इस हादसे में रामायण कश्यप बाइक से गिरकर सडक़ के किनारे फेका गया और उसकी पत्नी गीता कश्यप ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। रामायण को गंभीर चोटें आई है। भीड़ ने डॉयल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रामायण कश्यप को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।


