करंट की चपेट में आने से 6 मवेशियों की मौत
बलरामपुर। रामानुजगंज नगर के पास जंगल में बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से 6 भैंसों की मौत हो गई। यह घटना वन विभाग की नर्सरी के पास गुलगुलपाट क्षेत्र में हुई। वार्ड क्रमांक 15 निवासी पशुपालक अकलू यादव की भैंसें रोज की तरह जंगल में चरने गई थीं, जहां अज्ञात शिकारियों ने जंगली सूअर का शिकार करने के लिए जीआई तार में करंट फैला रखा था। देर शाम तक भैंसों के घर न लौटने पर जब खोजबीन की गई, तो सभी भैंसें मृत अवस्था में मिलीं।
एक भैंस की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये थी, जिससे पीड़ित को 3 लाख रुपए से अधिक का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है। पशुपालन ही इस परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन था, जिसके छिन जाने से परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस रास्ते पर शिकारियों ने मौत का जाल बिछाया था, उसी मार्ग से वन विभाग के नर्सरी कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण लगातार आना-जाना करते हैं। ऐसे में कोई भी इंसान इस करंट की चपेट में आ सकता था और कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।


