आयुर्वेद दिवस पर वैद्यशाला आयुर्वेद चिकित्सा एवं पंचकर्म संस्थान में निशुल्क शिविर का आयोजन , 216 मरीजों ने कराया उपचार

 

पाइल्स, फिशर और फिस्टुला के मरीजों की जांच
सात चिकित्सक दे रहे सेवाएं

बिलासपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर वैद्यशाला आयुर्वेद चिकित्सा एवं पंचकर्म संस्थान में सात दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया है। 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले शिविर में पाइल्स, फिशर और फिस्टुला सहित विभिन्न रोगों की जांच और उपचार किया जा रहा है। शिविर में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जिलों से भी मरीज पहुंच रहे हैं।
शिविर के दूसरे दिन तक करीब 216 मरीजों ने जांच कराकर चिकित्सा परामर्श लिया। इनमें लगभग 78 पाइल्स, 24 फिशर और 45 फिस्टुला के मरीज शामिल रहे। एक मरीज में एनोरेक्टल प्रोलेप्स की पहचान हुई। इसके अलावा वात रोग, त्वचा रोग, मधुमेह, शिशु रोग और महिलाओं से संबंधित बीमारियों के मरीजों को भी आयुर्वेद विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। शिविर में मरीजों को जीवनशैली में सुधार और कब्ज से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। संस्था के अनुसार मलद्वार संबंधी कई समस्याओं में कब्ज को प्रमुख कारण माना जाता है। इसी उद्देश्य से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी वाली सामग्री भी निशुल्क वितरित की जा रही है।

12 वर्षों से हो रहा शिविर का आयोजन
संस्था द्वारा पिछले 12 वर्षों से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क क्षारसूत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की पहल भी की जाती है। शिविर में डॉ. मनोहर टेकचंदानी, डॉ. विमल शर्मा, डॉ. किरण वर्मा, डॉ. मोनिष्का शर्मा, डॉ. चंचला तिवारी, डॉ. ऋचा सोनी और डॉ. मनोज चौकसे सेवाएं दे रहे हैं। शिविर का समय सुबह 11 से शाम 5.30 बजे तक है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *