शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, गर्भवती होने पर खिलाई गर्भपात की दवा

 

 स्कूल फ्रेंड पर पैसे और सोने की चेन लेने का भी आरोप

बिलासपुर। स्कूल में साथ पढऩे वाले युवक पर शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीडि़ता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जांजगीर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है और ब्यूटी पार्लर में काम करती है। वह मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी को बचपन से जानती थी। दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे। आरोप है कि जुलाई 2025 में युवक ने युवती को किराए का मकान दिलाया और इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पीडि़ता के मुताबिक, अगस्त 2025 में आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।

गर्भवती होने पर शादी से मुकरने का आरोप
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उससे समय-समय पर पैसे मांगता था। उसने अपनी सोने की चेन भी आरोपी को रखने के लिए दी थी, जिसे मांगने पर वापस नहीं किया गया। पीडि़ता के अनुसार, गर्भवती होने के बाद उसने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि युवक ने बाद में शादी करने की बात कहकर उसे गर्भपात की दवा खिला दी। बाद में वह शादी के वादे से मुकर गया। परेशान युवती ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां चेन वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची, जहां विवाद होने की बात सामने आई। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *