अड्डेबाजी और अशांति फैलाने वालों पर हिर्री पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

 

बिलासपुर.  थाना हिर्री पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने अड्डेबाजी, नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों की निगरानी करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा और थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के मेड़पार-बाजार, खरकेना, धौराभाठा सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर लगातार जांच और निगरानी की।
इस दौरान उदय राम साहू (52), निवासी ग्राम खरकेना, और अश्वनी कुमार कर्माकर (47), निवासी ग्राम मेड़पार-बाजार, के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को आवश्यक हिदायत देने के बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
हिर्री पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *