करंट से दो मजदूरों की मौत के बाद मकान में चलाया बुलडोजर
बिलासपुर। स्वर्ण जयंती नगर में निर्माणाधीन मकान के पास हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत के बाद नगर निगम प्रशासन ने एक्शन लेते हुए शुक्रवार को कार्रवाई करने पहुंचे। मकान पर बुलडोजर चलाया गया।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने भवन अधिकारी अनुपम तिवारी को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों सहित 15 जवान मौके पर तैनात थे। मकान सरकारी जमीन पर करीब तीन फीट अतिक्रमण कर बनाया जा रहा था, जिसके कारण हाईटेंशन लाइन भवन के बेहद करीब आ गई थी। निर्माण कार्य के दौरान यही स्थिति जानलेवा साबित हुई। बिजली विभाग के सहायक अभियंता गिरीश श्रीवास्तव को शुक्रवार सुबह 11 बजे से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम द्वारा अवैध निर्माण को हटाया गया।
4-4 नोटिस देने के बाद भी चल रहा था निर्माण
वार्ड क्रमांक 19 स्थित कस्तूरबा नगर स्वर्ण जयंती कॉलोनी में मंगलवार को अनुप सिंह के निर्माणाधीन मकान में कार्य के दौरान मजदूर भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए थे। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इससे पहले निगम द्वारा 4-4 बार मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा।


