May 7, 2024

हताश और मुद्दाहीन भाजपा नेता छत्तीसगढ़ सरकार के विकास कार्यों से बेचैन : कांग्रेस

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा है कि भाजपा इन दिनों फिर से भूपेश सरकार के खिलाफ अनर्गल आरोपों का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। जबकि राज्य सरकार जनता के हित में बिना किसी की परवाह किए नई-नई योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को अंजाम तक पहुंचा रही है। भाजपा केवल सड़कें और बिल्डिंग बना कर ही प्रदेशवासियों को विकास कार्य में प्रगति का नारा देती थी, जबकि कांग्रेस विकास कार्यों के साथ-साथ जन-जन की आर्थिक बेहतरी के लिए पुख्ता काम करने में विश्वास करती है। सरकार की नीतियों के कारण ही कोरोना जैसे विश्व व्यापी महामारी के दौर में भी छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रही। राजीव न्याय योजना के जरिए प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता से राज्य के किसानों की स्थिति में सुधार हुआ और प्रतिवर्ष  लगातार ₹2500 प्रति क्विंटल में खरीदी की जा रही धान की कीमत ने ग्रामीणों सहित शहरी अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक बनाया। यह सब भूपेश बघेल सरकार के त्वरित निर्णय और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के कारण संभव हो सका, यह सब राज्य  के लोगों की माली हालत को बेहतर बनाने की योजना का नायाब उदाहरण है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने बताया की कोविड-19 की विपरीत परिस्थितियों में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी का सरकार द्वारा लिया गया निर्णय भी अपने आप में समूची दुनिया में अनोखा है। इस सफल योजना के जरिए कम समय में गांव से अब तक 47 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी छत्तीसगढ़ में की जा चुकी है, जो अपने आप में रिकॉर्ड हैं। इससे गरीबों – पशु पालकों, ग्रामीणों की जेब में सीधे धनराशि जाने से उनकी आर्थिक स्थिति  में सुधार हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा कि अब योजनाओं की सफलता से गांव और शहरों की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है तब भाजपाइयों को क्यों विकास कार्यो के कारण निराशा और हताशा हो रही है? भूपेश बघेल सरकार के सफल ढाई वर्षो में ही छत्तीसगढ़ की समूची भारतीय जनता पार्टी  घोर मानसिक विकार के दौर से गुजर रही है। जबकि ढाई वर्ष का कार्यकाल अभी बाकी है यदि धैर्य नहीं रखेंगे तो उनकी क्या परिस्थिति होने वाली है,  इसे सहज ही समझा जा सकता है। 
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा कि केंद्र सरकार के विफल सात वर्ष और छत्तीसगढ़ में 15 वर्षों तक रही छल करने वाली भारतीय जनता पार्टी की लुटेरी सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड आज तक पेश नहीं कर पायी है। वह अब ढाई वर्षो की सफल भूपेश सरकार से हिसाब मांगने की निर्लज्जता से गुस्ताखी कर रही है। जनता के सामने वर्ष 2023 और 2024 में किस मुख से फिर मत मांगने उनके मध्य जाएंगे, उसकी भाजपा को चिंता करनी चाहिए। भाजपा नेताओं को चाहिए कि वे अब अपनी कंगाली की फिक्र करें, सरकार की स्थिति तो सुदृढ़ बनी हुई है और तेजी से विकास कार्य प्रदेश में हो रहा है। जनता अब भाजपा के सब कारनामों को समझ चुकी है,  झूठी अफवाह फैलाने का फार्मूला और दुष्प्रचार करने के हथकंडों का पर्दाफाश समूचे देश ने देख लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post क्षत्रिय समाज निभा रहा अपने फर्ज पूर्वजों का जनसेवा कार्य को बढ़ा रहे आगे
Next post छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रविन्द्र सिंह महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरे
error: Content is protected !!