24 घंटे में बिजली तार चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

 

 

तिफरा सेक्टर-डी से एक किलोमीटर लंबा तार किया था चोरी, चार बंडल तार और ओमनी कार जब्त

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए लगाए गए बिजली पावर सप्लाई तार की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार बंडल बिजली तार और वारदात में प्रयुक्त ओमनी कार क्रमांक सीजी 10 एफए 2456 जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट की सुविधा के लिए विद्युत पोल खड़े कर बिजली तार खींचे गए थे। वर्तमान में वहां पावर सप्लाई नहीं हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपए बताई गई है, चोरी कर ले गए। शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 571/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को नीतेश पंडित, राजेश राय (रात्रे), विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चार बंडल बिजली तार बरामद किए गए। घटना में इस्तेमाल की गई ओमनी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली।
अन्य थानों में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ थाना अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा क्षेत्र में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
नीतेश पंडित (22), निवासी अमोरा, थाना मुलमुला।
राजेश राय (रात्रे) (32), निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला।
विकास साण्डे (22), निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला।
श्रीजीत जोशी (30), निवासी विद्युत नगर तिफरा, वार्ड क्रमांक 8, थाना सिरगिट्टी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *