रात के अंधेरे में हसदेव नदी से रेत उत्खनन , ग्रामीणों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

बम्हनीडीह. क्षेत्र की जीवनदायिनी हसदेव नदी में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्राम गोविंदा के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक लंबे समय से रात के अंधेरे में ट्रैक्टर और लोडर की मदद से नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शाम ढलते ही हसदेव नदी के किनारे ट्रैक्टर और मशीनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। रातभर रेत निकासी का काम चलता है और सुबह होने से पहले बड़ी मात्रा में रेत परिवहन कर दी जाती है। लोगों का आरोप है कि यह कार्य खुलेआम किया जा रहा है, जिससे अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने कई बार इस गतिविधि का विरोध किया, लेकिन उन्हें विवाद और तनावपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ा। इसी कारण कई लोग खुलकर सामने आने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने वालों को अप्रत्यक्ष रूप से दबाने की कोशिश की जाती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं खनिज विभाग से मांग की है कि हसदेव नदी के गोविंदा क्षेत्र में रात्रिकालीन आकस्मिक निरीक्षण कराया जाए। साथ ही स्थानीय साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *