पी चिदंबरम जाएंगे जेल या मिलेगी जमानत, आज होगा फैसला

नई दिल्ली. आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की सीबीआई रिमांड आज खत्म हो रही है. अदालत में आज इस बात का फैसला होगा कि उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेजा जाएगा या उनको जमानत मिल जाएगी.
बता दें अदालत ने सोमवार को आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की सीबीआई हिरासत एक दिन के लिए मंगलवार तक बढ़ा दी थी. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से कहा था कि वे चिदंबरम की एक और दिन की हिरासत चाहते हैं.
मेहता ने कहा, ‘मैं इस पर जोर दे रहा हूं क्योंकि वे (चिदंबरम के वकील) न्यायिक हिरासत पर आपत्ति जता रहे हैं. अपराह्न् दो बजे जो हुआ, उस आधार पर मैं आपसे केवल एक दिन की सीबीआई हिरासत के लिए जोर दे रहा हूं.’ हालांकि, उनकी दलील का चिदंबरम के वकील अभिषेक मनु सिंघवी और कपिल सिब्बल ने विरोध किया.
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहार ने इससे पहले आईएनएक्स मीडिया मामले में चिदंबरम की सीबीआई हिरासत दो सितंबर तक के लिए बढ़ाई थी. 21 अगस्त को गिरफ्तारी के बाद से चिदंबरम 11 दिन सीबीआई हिरासत में बिता चुके हैं.
इससे पहले दिन में, सुप्रीम कोर्ट ने चिदंबरम के वकीलों और सीबीआई के बीच तीखी बहस के बाद आदेश दिया था कि चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया मामले में सीबीआई हिरासत में बने रहेंगे और उनकी याचिका की सुनवाई तक उन्हें तिहाड़ जेल नहीं भेजा जाएगा. अदालत को पहले गुरुवार को मामले की सुनवाई करनी थी, लेकिन सॉलिसिटर जनरल के जोर देने के बाद अदालत ने अपने आदेश को बदलते हुए मामले की सुनवाई मंगलवार को मुकर्रर कर दी.
Related Posts
Indian With 3200 Viagra Pills: Chicago Airport पर एक भारतीय नागरिक 3200 वियाग्रा टैबलेट के साथ किया गया अरेस्ट
ढाका की जूस फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 52 लोगों की मौत, कई झुलसे

