दो समुदायों के बीच पथरबाजी के बाद आईजी, संभाग कमिश्नर, एसएसपी, कलेक्टर ने हाईलेवल की बैठक की
बिलासपुर। शुक्रवार की रात पुराने विवाद के चलते दो अलग-अलग समुदाय के युवकों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान अचानक वहां सैकंड़ों की संख्या में भीड़ जुट गई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक दोनों तरफ से झड़प होती रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने धारा 144 लागू कर दिया। साथ ही घटना स्थल के पांच सौ मीटर के आसपास इलाका छावनी में तब्दिल हो गया। अलग-अलग जिलों से आए 600 जवानों को तैनात किया गया है। मामले में पत्थरबाजी करने वाले 50 से अधिक लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रातभर में पुलिस प्रशासन के अफसरों ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। पथरबाजी में घायल पुलिसकर्मी समेत भीड़ में शामिल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालंकी मामले में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार की सुबह से संभाग कमिश्नर सुनील कुमार जैन, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में सिटी कोतवाली थाने में हाइलेवल की मीटिंग बुलाई गई। करीब एक घंटे तक घंटना के संबंध में मंथन किया गया। इसके बाद अधिकारी थाने से बाहर निकले। आईजी राम गोपाल गर्ग ने मामले के दोनों पक्षों की बारिकी से जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिलासपुर की जनता से शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।
कलेक्टर की गाड़ी और डायल-112 भी क्षतिग्रस्त
झड़प के दौरान थाने पर पथराव किया गया। इस दौरान कलेक्टर की गाड़ी का मिरर क्षतिग्रस्त हो गया। डायल-112 की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। थाना परिसर में खड़ी कुछ अन्य गाडिय़ों के शीशे भी टूट गए। विवाद का असर गोल बाजार और सदर बाजार तक भी देखने को मिला। भीड़ ने कुछ दुकानों में तोडफ़ोड़ की। इससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।


