February 27, 2026
दिलों को छू गया ‘ना जाने कौन आ गया’ का ट्रेलर
रिश्तों की सच्चाई दिखाती ‘ना जाने कौन आ गया’
मुंबई /अनिल बेदाग : बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म ना जाने कौन आ गया का ट्रेलर रिलीज़ होते ही चर्चा में आ गया है। जतीन सरना, मधुरिमा रॉय और प्रणय पचौरी अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन विकास अरोड़ा ने किया है, जबकि निर्माण विपुल धवन और पूजा अरोड़ा ने किया है। 2 मिनट 26 सेकंड का ट्रेलर एक भावुक संवाद “प्यार बड़ी कमाल की फीलिंग्स होती है” से शुरू होता है और दर्शकों को सीधे इमोशन की दुनिया में ले जाता है। जतीन और मधुरिमा की मासूम प्रेम कहानी, उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों के बीच पनपती नजर आती है। बर्फीली पहाड़ियां, शांत झीलें और सुकून भरे दृश्य कहानी को संवेदनशील स्पर्श देते हैं।
कहानी में मोड़ तब आता है जब प्रणय पचौरी की एंट्री एक जटिल प्रेम त्रिकोण रचती है। रिश्तों की उलझन, तकरार और आत्म-खोज की जद्दोजहद ट्रेलर को भावनात्मक गहराई देती है। जतीन और प्रणय के बीच के टकराव वाले दृश्य प्रभाव छोड़ते हैं। फिल्म का टाइटल ट्रैक रेखा भारद्वाज की मधुर आवाज़ में ट्रेलर को खास बनाता है। कुल मिलाकर, यह फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों की सच्चाई और खुद को समझने की यात्रा है। यह फिल्म 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।


