May 6, 2024

पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने कांग्रेस भवनों को राजीव भवन का नाम दिया गया


रायपुर. राजीव गांधी के जयंती के अवसर पर 6 जिला कांग्रेस मुख्यालयों सुकमा, जगदलपुर, धमतरी, दुर्ग, बैकुंठपुर और अंबिकापुर में नवनिर्मित जिला कांग्रेस भवनों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समर्पित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न और आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती ’सदभावना दिवस’ के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कोरिया, सरगुजा, दुर्ग, धमतरी, जगदलपुर एवं सुकमा में नवनिर्मित ‘‘राजीव भवन‘‘ का लोकार्पण किया। राजीव भवन का निर्माण जिला कांग्रेस कमेटी की गतिविधियों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से किया गया है।


यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी 28 जिलों में जिला कांग्रेस कमेटी के नये कार्यालय भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार कराए जाने का संकल्प लिया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह संकल्प अब साकार होने लगा है। सभी जिलों के जिला कांग्रेस कमेटी के भवन एक ही ड्राईंग डिजाईंन के निर्मित किए जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए इन भवनों को राजीव भवन का नाम दिया गया है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव भवन के उद्घाटन अवसर पर कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी के विजन, सोनिया एवं राहुल के मार्गदर्शन के अनुरूप राज्य की कांग्रेस सरकार जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए सतत प्रत्यनशील है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिलों में राजीव भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, जिसमें से 6 भवन पूर्ण हो चुके हैं। 10 भवन निर्माणाधीन है। 4 भवनों का नवीनीकरण किया जा रहा है, जबकि 5 भवनों का निर्माण अभी शुरू कराया जाना है। 3 भवनों के लिए भूमि के आबंटन की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश प्रभारी पी. एल. पुनिया की इच्छा के अनुरूप नवगठित जिलों में भी राजीव भवनों के निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने राजीव भवनों के निर्माण को लेकर प्रदेश प्रभारी श्री पी.एल. पुनिया जी सक्रियता एवं सतत समीक्षा के लिए उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्रियों सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम, कोषाध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल और खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन से मिले सहयोग के लिए भी उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने राजीव भवन के लिए जिलों में भूमि आबंटन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने के लिए भी राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को धन्यवाद दिया।


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे, उस समय उन्होंने रायपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए भवन का निर्माण कराया। कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि अब मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में जिला कांग्रेस कमेटी के लिए राजीव भवन का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने संगठन के लिए भवन की आवश्यकता पर जोर दिया है, यह पार्टी संगठन के हित में अच्छा और प्रशंसनीय कार्य है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से सम्बोधित किया और जिलों में राजीव भवन के निर्माण के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की जनता तक सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी राजीव भवन के निर्माण से कांग्रेस की विचारधारा और गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।


इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुई। मुख्यमंत्री निवास में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद श्रीमती छाया वर्मा, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, मुख्यमंत्री के सलाहकारद्वय विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग तथा राजीव भवन से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुये। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं समस्त उपस्थित मंत्रीगणों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। इस दिन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। सभी उपस्थित जनों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सद्भावना शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास, प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन और 6 जिलों सुकमा, जगदलपुर, धमतरी, दुर्ग, बैकुंठपुर और अंबिकापुर में एक साथ राजीव भवन का ई-लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। सबसे पहले प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया जी का उद्बोधन हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम का उद्बोधन हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी द्वारा उद्बोधन दिया गया। कार्यक्रम समाप्ति पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने आभार प्रदर्शन किया।

इस कार्यक्रम में प्रभारी सचिव डॉ. सप्तगिरी शंकर उल्का, प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव, लोकसभा सांसद डॉ. ज्योत्सना महंत और स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव भी वेब के द्वारा शामिल हुये। राजीव भवन से वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य शकुन डहरिया, प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला, संचार विभाग सदस्य सुरेंद्र शर्मा, संचार विभाग सदस्य आरपी सिंह, प्रदेश महामंत्री पंकज शर्मा, अजय साहू, विजय बघेल, निवेदिता चटर्जी, साक्षी सिरमौर, पूजा देवांगन, चंद्रवती साहू, किरण सिन्हा, दिलीप चौहान, महमूद अली, आमोद सिन्हा शामिल हुये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कार्यकारिणी एवं जिला अध्यक्षोें की नियुक्ति की
Next post नोनिया समाज की नई कार्यकारिणी गठित
error: Content is protected !!