May 22, 2022
अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस : संग्रहालय सांस्कृतिक, सहयोग और लोगों के बीच शांति के विकास का एक महत्वपूर्ण साधन हैं – महेश अग्रवाल
भोपाल. आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र स्वर्ण जयंती पार्क कोलार रोड़ भोपाल के संचालक योग गुरु महेश अग्रवाल कई वर्षो से निःशुल्क योग प्रशिक्षण के द्वारा लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सीखा रहें है। वर्तमान में भी ऑनलाइन एवं प्रत्यक्ष माध्यम से यह क्रम अनवरत चल रहा है। योग गुरु अग्रवाल ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस प्रत्येक वर्ष 18 मई को मनाया जाता है। इसका मूल उद्देश्य जनसामान्य में संग्रहालयों के प्रति जागरूकता तथा उनके कार्यकलापों के बारे में जन जागृति फैलाना था इसका यह भी एक उद्देश्य था कि लोग संग्रहालयों में अपने इतिहास को अपनी प्राचीन समृद्ध परंपराओ को जाने और समझे। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय परिषद के अनुसार ” संग्रहालय में ऐसी अनेक चीजें सुरक्षित रखी जाती हैं जो मानव सभ्यता की याद दिलाती है संग्रहालय में रखी वस्तु हमारी सांस्कृतिक धरोहर तथा प्रकृति को प्रदर्शित करती है”
इस साल अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2022 की थीम “संग्रहालय की शक्ति” है। इस थीम का उद्देश्य, तीन लेंसों के माध्यम से समुदायों में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संग्रहालयों की क्षमता का पता लगाना है। स्थिरता प्राप्त करने की शक्ति। डिजिटलीकरण और पहुंच पर नवाचार की शक्ति। शिक्षा के माध्यम से सामुदायिक निर्माण की शक्ति।
आधुनिक संग्रहालयों का उद्देश्य जनता के अध्ययन और शिक्षा के लिए कलात्मक, सांस्कृतिक या वैज्ञानिक महत्व की वस्तुओं को इकट्ठा करना, संरक्षित करना, व्याख्या करना और प्रदर्शित करना है । संग्रहालय एक ऐसा संस्थान है है जो समाज की सेवा और विकास के लिए जनसामान्य के लिए खोला जाता है और इसमें मानव और पर्यावरण की विरासतों के संरक्षण के लिए उनका संग्रह, शोध, प्रचार या प्रदर्शन किया जाता है जिसका उपयोग शिक्षा, अध्ययन और मनोरंजन के लिए होता है।